गाजियाबाद

आज का युवा ही भारत का कल है

नाईपुरा लोनी में नशा मुक्ति जागरूकता शिविर आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण  गाजियाबाद के तत्वावधान में पैरा लीगल वॉलंटियर  माया चौहान द्वारा 60 फुटा रोड, नईपुरा में नशा मुक्ति जागरूकता शिविर का आयोजन किया । कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
शिविर के दौरान माया चौहान ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि “आज का युवा ही भारत का कल है, इसलिए युवाओं को नशे की लत से बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।” उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, रोजगार और अपने उज्ज्वल भविष्य को प्राथमिकता दें।
कार्यक्रम में लोगों को “नशा छोड़ो, सपनों को गले लगाओ”, “नशा छोड़ो, शिक्षा को आगे बढ़ाओ”, “शिक्षा ही युवाओं का सबसे बड़ा धन है”, “नशे से नाता तोड़ो, परिवार से नाता जोड़ो” तथा “नशा नहीं, रोजगार चुनो – भारत को नशामुक्त बनाओ” जैसे प्रेरणादायक संदेश दिए गए। उपस्थित लोगों को बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है, जबकि शिक्षा, रोजगार और सकारात्मक जीवनशैली से समाज का समग्र विकास संभव है।
इस जागरूकता शिविर में आर्य नगर, कीर्ति विहार, संगम विहार, प्रेम नगर एवं नईपुरा क्षेत्र के लगभग  30 लोगों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने तथा स्वयं भी नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ किया गया कि “नशामुक्त युवा ही सशक्त भारत की पहचान है।” जिला विधिक सेवा प्राधिकरण  गाजियाबाद द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि समाज में नशा मुक्ति के प्रति व्यापक जागरूकता फैल सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button