
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद): गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र स्थित कस्बा चिरौडी में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मार्किट के पास खड़े वाहनों में अचानक आग लग गई और गाड़ी धु धु कर जलने लगी । प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना करीब 12 बजे की है। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपने वाहन हटाने तक का मौका नहीं मिल पाया। लपटों और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। देखते ही देखते आग ने वहां खड़े कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इनमें से दो वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि अन्य वाहनों को भी आंशिक नुकसान पहुंचने की सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता के चलते आग को आसपास की दुकानों और अन्य वाहनों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से आग लगी हो सकती है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




