
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : थाना ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बने एक मजार को आज पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान करीब 225 वर्ग मीटर यूपीसीडा की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह अभियान शांतिपूर्ण ढंग से बिना किसी विरोध के पूरा किया गया।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विकास कश्यप और पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेन्द्र नाथ तिवारी के निर्देशन में सुबह करीब 11:30 बजे ध्वस्तीकरण अभियान शुरू हुआ। मौके पर यूपीसीडा के अधिकारी भी मौजूद रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 650 पुलिसकर्मी, उपनिरीक्षक, थाना प्रभारी, दो सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी), लोनी के उपजिलाधिकारी दीपक सिंहनवाल तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। सर्किल लोनी के एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने पुलिस बल के साथ पूरी कार्रवाई की निगरानी की।
2001 से था अवैध कब्जा, कई नोटिस के बाद हुई कार्रवाई
प्रशासन के अनुसार यूपीसीडा की इस सरकारी भूमि पर वर्ष 2001 से अवैध कब्जा कर मजार का निर्माण किया गया था। इसकी शिकायत वर्ष 2017 में जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों से की गई थी। वर्ष 2021 में निर्माण का और विस्तार किए जाने के बाद प्रशासन ने कई बार नोटिस जारी कर जवाब मांगा, लेकिन मजार की देखरेख करने वालों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
तीन बुलडोजर से हटाया गया अवैध निर्माण
अभियान के लिए तीन बुलडोजर लगाए गए। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर अपनी कार्रवाई पूरी कराई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं हुई।
आगे भी जारी रहेगा अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विकास कश्यप ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण कार्य किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने बताया कि ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान पर्याप्त पुलिस बल मौके पर लगाया गया था। जिसके चलते पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी रही। प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और सरकारी कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की।




