
मड़ावरा के 200 व अन्य ब्लॉकों के 500 आबादी वाले मजरों तक बनेगी पक्की सड़क
हर घर नल योजना और बिजली व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। सांसद की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जिले में चल रहे विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान विकास कार्यों में लापरवाही पर कई अधिकारियों को फटकार लगाई गई, जबकि बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शुरुआत में सांसद ने डीएम सत्य प्रकाश, एसपी मो. मुश्ताक तथा सीडीओ शेषनाथ चौहान को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। बैठक में सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण, नपाध्यक्ष सोनाली जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत मड़ावरा विकासखंड के 200 तथा अन्य विकासखंडों के 500 की आबादी वाले मजरों को पक्की सड़कों से जोडऩे की योजना तैयार की जा रही है। इसके लिए अधिकारियों को शीघ्र सर्वे कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने वीवीजीरामजी योजना का ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार कराने, बैठकें आयोजित करने तथा ग्राम स्तर पर शिविर लगाकर श्रमिकों के ई-श्रम कार्ड बनाने के निर्देश भी दिए। बताया गया कि पहले चरण में 1602 चकमार्गों का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और आगामी 1 जुलाई से योजना का दूसरा चरण शुरू होगा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान सांसद ने जिलाधिकारी द्वारा स्वयं सहायता समूहों को दुग्ध उत्पादन से जोडऩे और बैंक ऋण के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की पहल की सराहना की। उन्होंने अग्रणी बैंक प्रबंधक (एलडीएम) को समूहों की लंबित पत्रावलियों का शीघ्र निस्तारण कर खाते खुलवाने के निर्देश दिए। बिजली विभाग की समीक्षा में ग्रामीण क्षेत्रों में जेई एवं लाइनमैनों की कार्यशैली पर जनप्रतिनिधियों द्वारा शिकायत किए जाने पर सांसद ने अधिशासी अभियंता को अधीनस्थ कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने, उनके कार्यों की निगरानी बढ़ाने तथा आवश्यकता अनुसार कार्यक्षेत्र बदलने के निर्देश दिए। साथ ही बुनकरों को एक रुपये प्रति यूनिट बिजली योजना का लाभ दिलाने के लिए लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराने को कहा। हर घर नल योजना की समीक्षा में तुर्का, बानपुर, भैलोनीलोध, बालाबेहट सहित कई गांवों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने और सड़कें क्षतिग्रस्त होने की शिकायतें सामने आईं। इस पर सांसद ने अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) को स्वयं मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए। वहीं शहर की पेयजल योजना में लापरवाही बरतने पर जल निगम (शहरी) के अवर अभियंता अवनीश मिश्र को कड़ी फटकार लगाते हुए पेयजल आपूर्ति एवं सड़क मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान पोस्टमार्टम के नाम पर अवैध धन वसूली की शिकायत पर सांसद ने सीएमओ को तत्काल कार्रवाई कर संबंधित कर्मचारी को पटल से हटाने के निर्देश दिए। साथ ही खराब पड़े हेल्थ एटीएम को शीघ्र दुरुस्त कराने को कहा। निर्माण एजेंसी यूपीसीएनडीएफ द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर सांसद और जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई तथा चेतावनी दी कि यदि कार्यों में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। सांसद ने सभी निर्माण कार्यों पर जनप्रतिनिधियों के नाम सहित शिलापट्ट लगाने और उनकी फोटोयुक्त सूची उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में फार्मर आईडी, खनन, आदर्श ग्राम योजना सहित विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई तथा शेष किसानों की फार्मर आईडी शीघ्र बनाने और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।



