ललितपुर
स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ
डीएम ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को किया रवाना

शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य, शिक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए निकली भव्य रैली
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण का बुधवार को भव्य शुभारंभ किया गया। शासन एवं राज्य परियोजना निदेशक (समग्र शिक्षा) के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। बुधवार सुबह कंपोजिट विद्यालय सिविल लाइन से निकाली गई जागरूकता रैली को जिलाधिकारी एवं सीडीओ ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर शिक्षा के महत्व का संदेश दिया। बच्चों ने सब पढ़ें, सब बढ़ें, हर बच्चा स्कूल जाए जैसे नारों के माध्यम से लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। बीएसए रत्नेश कुमार ने मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे को विद्यालय से जोडऩा है, ताकि कोई भी बालक या बालिका शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे। रैली के सफल संचालन का दायित्व कमलेश ने निभाया। वहीं सुरक्षा एवं अनुशासन की व्यवस्था जिला पीटीआई धर्मेंद्र कुमार जैन तथा ब्लॉक पीटीआई पूर्णेंद्र सिंह ने संभाली। इस दौरान जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) प्रदीप श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी (नगर क्षेत्र) नीतू वर्मा तथा खंड शिक्षा अधिकारी (बिरधा) गौरव शुक्ला सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अभियान को सफल बनाने में शिक्षकों और अनुदेशकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान देवेंद्र कुमार, मनोज कुमार, राजेश कुमार, अयोध्या प्रसाद साहू, भरत जोशी, अमजद खान, आनंद रिछारिया, फिरोज खान, जितेंद्र यादव, प्रीति राजपूत, अभिषेक कुमार, सलमा, राजकुमार कटारिया, पवन तिवारी और विजय प्रताप सहित अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रत्नेश कुमार ने जनपदवासियों और अभिभावकों से अपील की कि वह अपने बच्चों का समय पर विद्यालय में नामांकन कराएं तथा उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है और स्कूल चलो अभियान को जन-जन का अभियान बनाकर ही शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।



