जालौन
नगर को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराने की प्रशासनिक रणनीति तैयार
सड़कों पर अवैध अतिक्रमण करने वाली जगह को किया गया चिन्हित

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही के नेतृत्व में चलेगा अभियान
डीएम, एसपी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, सिटी मजिस्ट्रेट ने किया नगर भ्रमण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। जनपद मुख्यालय उरई की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए प्रशासनिक अमला अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय टीम ने शहर का भ्रमण कर अवैध अतिक्रमण करने वाले स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर उसे चिन्हित किया।
इस दौरान एसडीएम न्यायिक रिंकू सिंह राही और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सुरक्षा व यातायात की दृष्टि से व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। घंटाघर से शुरू हुआ यह प्रशासनिक काफिला मौनी मंदिर और स्टेशन रोड होते हुए मच्छर चैराहा तक पहुंचा, जहां अधिकारियों ने सड़कों पर व्याप्त अव्यवस्थाओं को स्वयं देखा। नगर भ्रमण के बाद मीडिया से संवाद करते हुये पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सख्त तेवर अपनाते हुए कहा कि शहर की सूरत बदलने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्य मार्गों पर अवैध कब्जों और बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण आमजन को होने वाली समस्याओं को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि सभी सरकारी व सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए ताकि यातायात सुचारू रह सके। इस औचक निरीक्षण के बाद अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति है और शहर में बड़े स्तर पर प्रशासनिक कार्रवाई की सुगबुहट तेज हो गई है। इसी के साथ प्रशासनिक स्तर पर नगर को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान का जल्द ही आगाज होगा।



