जालौन
नवागंतुक प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने पीड़ित के मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
कोतवाली का चार्ज संभालते ही नए प्रभारी ने दिए सख्त संकेत, अपराध पर नियंत्रण होगी पहली प्राथमिकता
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
माधौगढ़ (जालौन)। माधौगढ़ कोतवाली में नए प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पूर्व प्रभारी अभिलाष मिश्रा के स्थानांतरण के बाद उन्होंने शनिवार को कोतवाली की कमान संभालते हुए क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, संभ्रांत नागरिकों तथा मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अपराध नियंत्रण और जनसहयोग पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने कहा कि पुलिस आम जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। अपराध पर प्रभावी नियंत्रण तभी संभव है, जब पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास बना रहे। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में जुआ, सट्टा, अवैध शराब, गांजा या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि असामाजिक तत्वों और अपराधियों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। यदि कोई व्यक्ति अपराधियों को संरक्षण देता है या अपराध को बढ़ावा देने का प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराध होने के बाद कार्रवाई करने से बेहतर है कि समय रहते सूचना मिल जाए, जिससे अपराध को रोका जा सके। प्रभारी निरीक्षक ने ग्राम प्रधानों और क्षेत्रवासियों से पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराधियों को सजा दिलाना और आम नागरिकों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। बैठक में मौजूद लोगों ने भी पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
