
लखनऊ । आप सांसद संजय सिंह ने अयोध्या में एक बार फिर जमीनों की खरीद में बड़े घोटालों का आरोप लगाया है। उन्होंने ट्रस्ट को भंग करने और चंपत राय को गिरफ्तार करने की मांग की। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने लखनऊ में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए श्रीराम मंदिर ट्रस्ट को भंग करने की मांग की और कहा कि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने सोमवार को प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए एक बार फिर ट्रस्ट की ओर से खरीदी गई जमीनों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट की ओर से बाजार रेट से बहुत बढ़े हुए दामों पर जमीनें खरीदी गईं। उन्होंने कहा कि एक करोड़ 73 लाख की जमीन को 29 करोड़ 67 लाख में खरीदा गया। अयोध्या में जमीनों की खरीद में बहुत बड़ा घोटाला किया गया है। संजय सिंह इसके पहले भी चंपत राय पर गंभीर आरोप लगा चुके हैं।



