गाजियाबाद

लोनी के प्रेम नगर में बिजली आपूर्ति को लेकर आपसी विवाद

बिना प्रक्रिया शटडाउन और लाइन से छेड़छाड़ के आरोप; जांच की मांग 

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड-51 स्थित प्रेम नगर और आसपास के रशीद नगर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को लेकर आपसी विवाद गहरा गया है। एक ओर स्थानीय लोगों ने बिना विधिवत प्रक्रिया अपनाए शटडाउन दिए जाने और निजी व्यक्ति से बिजली लाइन पर कार्य कराने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर बिजली लाइन से कथित छेड़छाड़ और जानबूझकर फॉल्ट कराने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि, दोनों मामलों में अभी तक किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित थी। शिकायत के बाद आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन रात में अधिक लोड के कारण ट्रांसफॉर्मर का फेस उड़ गया। इसके बाद कॉलोनीवासियों ने लिखित शिकायत देकर समस्या का समाधान कराने का निर्णय लिया।
आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोग बलराम नगर बिजलीघर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर एसएसओ और दो कर्मचारी मौजूद थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड सभासद पति के छोटे भाई ने कथित रूप से बिना लिखित शिकायत के एक निजी व्यक्ति के माध्यम से शटडाउन लेने का प्रयास किया। इस पर कॉलोनीवासियों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना शटडाउन देना सुरक्षा मानकों के विपरीत है और इससे बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि जब विद्युत कर्मचारी ने शटडाउन वापस लिया तो बिजलीघर परिसर में इस बात को लेकर कहासुनी हुई और कथित गाली-गलौज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ अन्य पोस्ट में आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने लाइनमैन की मिलीभगत से जानबूझकर 11 केवी बिजली लाइन में चेन डालकर फॉल्ट कराया, जिससे लाइन क्षतिग्रस्त हो गई और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। यह भी दावा किया गया कि नेहरू पार्क क्षेत्र की ओर एबीसी लाइन के दोनों सिरों को बंद करने से तीन ट्रांसफॉर्मरों के फेज उड़ गए। इन आरोपों के आधार पर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग भी उठाई गई है।
बिजली विभाग का पक्ष
बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी खराबी और लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। विभाग के अनुसार यदि जांच में यह सामने आता है कि किसी व्यक्ति ने जानबूझकर बिजली लाइन से छेड़छाड़ की है या नियमों के विरुद्ध कार्य किया है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। फिलहाल विभाग की टीम क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति सामान्य करने में लगी हुई है।
दूसरे पक्ष का पक्ष
वहीं, जिन लोगों पर सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उन्होंने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि उनका बिजली लाइन को नुकसान पहुंचाने, फॉल्ट कराने या किसी प्रकार की तोड़फोड़ से कोई संबंध नहीं है। उनका यह भी कहना है कि बिना जांच के आरोप लगाना उचित नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। स्थानीय लोगों ने विधायक और संबंधित अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस और बिजली विभाग की ओर से अभी तक किसी व्यक्ति की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button