सिंगरौली

5 साल से एक ही हल्के में जमे पटवारी को हटाने की मांग

ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले के पटवारी हल्का कचनी में पदस्थ पटवारी पवन कुमार शाह के स्थानांतरण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर सिंगरौली को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित पटवारी पिछले लगभग 5 वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थ हैं, जिससे आम नागरिकों को विभिन्न राजस्व संबंधी कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने मध्य प्रदेश शासन की स्थानांतरण नीति का हवाला देते हुए कहा है कि सामान्यतः किसी कर्मचारी या अधिकारी को एक ही स्थान पर लंबे समय तक पदस्थ नहीं रखा जाना चाहिए। उनका कहना है कि समय-समय पर स्थानांतरण प्रशासनिक पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही बनाए रखने के लिए आवश्यक है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित पटवारी का गृह ग्राम भी इसी क्षेत्र में आता है, जिसके कारण स्थानीय प्रभाव बढ़ने और प्रशासनिक निष्पक्षता प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने मांग की है कि नियमानुसार तत्काल स्थानांतरण की कार्रवाई की जाए।
इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिना किसी प्रभावशाली राजनीतिक या प्रशासनिक समर्थन के किसी कर्मचारी का वर्षों तक अपने ही क्षेत्र में पदस्थ बने रहना आसान नहीं होता। लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि यदि स्थानांतरण नीति लागू है तो फिर इतने लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थापना कैसे बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जब नियमों के बजाय प्रभाव और संरक्षण हावी हो जाते हैं, तब पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुशासन के दावे कमजोर पड़ जाते हैं। यही कारण है कि अब ग्रामीण इस मामले में प्रशासन से स्पष्ट और निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि 7 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस शिकायत को गंभीरता से लेकर जांच करता है या फिर ग्रामीणों के आरोप केवल चर्चा का विषय बनकर रह जाते हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button