गोड्डा
अभाविप के 78वें स्थापना दिवस पर गोड्डा में भव्य कार्यक्रम
विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण का दिया गया संदेश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर गोड्डा के एक कोचिंग संस्थान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और परिषद के गौरवशाली इतिहास एवं राष्ट्र निर्माण में छात्रशक्ति की भूमिका पर चर्चा की गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला संयोजक अनंत कुमार झा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पिछले 78 वर्षों से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रहित के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने परिषद के मूल मंत्र “ज्ञान, शील और एकता” को विद्यार्थियों के जीवन का आधार बताते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा पास करना नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना भी है। उन्होंने संगठन की स्थापना, उसके उद्देश्य तथा छात्रहित में चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की जानकारी देते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य विद्यार्थियों के हाथों में है और एक जागरूक छात्र ही सशक्त समाज एवं मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रहित, समाजहित एवं छात्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और ऊर्जा का माहौल बना रहा।



