ललितपुर

संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा

माइक्रोप्लान के अनुसार काम करें विभाग, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

एडीएम दिनेश कुमार ने की प्रथम अंतर्विभागीय समीक्षा बैठक, जनजागरूकता और बेहतर रैंकिंग पर दिया जोर
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। जुलाई माह के संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में प्रथम अंतर्विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एडीएम (वि./रा.) दिनेश कुमार ने की। बैठक में अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को माइक्रोप्लान के अनुसार शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। शुरुआत सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए की। उन्होंने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान से जुड़े सभी विभागों ने प्रथम सप्ताह में अपनी निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के आपसी समन्वय से अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि जनपद में संचारी एवं वेक्टर जनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। इसके बाद जिला मलेरिया अधिकारी अनिल क्रिस्टोफर मैसी ने विभागवार प्रथम सप्ताह की उपलब्धियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम, साफ-सफाई, मच्छरों की रोकथाम, जलभराव समाप्त करने, रोगों की पहचान और समय पर उपचार संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया तथा अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव और उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा। अध्यक्षता करते हुए एडीएम दिनेश कुमार ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग के माइक्रोप्लान के अनुरूप निर्धारित गतिविधियों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूरा करें। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर जनपद की बेहतर रैंकिंग सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें तथा पिछली कमियों को दूर करते हुए अभियान की प्रत्येक गतिविधि का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जिला सूचना कार्यालय, बेसिक शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, पंचायती राज विभाग, नगर विकास विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जनपद के सभी चिकित्सा अधीक्षक, सहायक मलेरिया अधिकारी, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक एवं मलेरिया निरीक्षक भी बैठक में शामिल हुए। स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के दौरान विभागीय टीमों का सहयोग करें, अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, जलभराव न होने दें तथा किसी भी प्रकार के बुखार या बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क कर जांच एवं उपचार कराएं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button