हापुड़ का ‘बाहुबली’…कंधे पर बाइक उठाकर बाजार में रील बनाते नजर आया युवक…

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड (यूपी) – बॉलीवुड फिल्मों में जॉन अब्राहम को आपने अब तक चलती गाड़ियां और भारी-भरकम बाइक उठाते हुए देखा होगा, लेकिन फिल्मों के वो हैरतअंगेज स्टंट अब हापुड़ के पिलखुवा की सड़कों पर हकीकत बन चुके हैं. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग दांतों तले उंगलियां दबाने को मजबूर हैं।
हापुड़ के पिलखुआ में फ्लाईओवर के पास भीड़ से खचाखच भरे बाजार में एक युवक का अलग ही ‘बाहुबली’ वाला अवतार देखने को मिला. युवक ने करीब सवा सौ किलो की भारी-भरकम मोटरसाइकिल को अपने कंधे पर ऐसे उठा लिया, जैसे कोई बाजार से सब्जी का थैला उठाकर घर लौट रहा हो. कंधे पर बाइक लादे यह युवक बड़े आराम से भरे बाजार में घूमता नजर आया. इसे देखकर वहां से गुजर रहे राहगीर हैरान रह गए, गाड़ियां थम गईं और हर कोई बस यही सोचता रहा कि आखिर भाई कौन सी चक्की का आटा खाता है. हालांकि, सोशल मीडिया पर रील्स बनाने और लाइक्स बटोरने का यह रीयल लाइफ स्टंट अब इस बाहुबली को भारी पड़ता दिखाई दे रहा है. जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ, पिलखुआ कोतवाली पुलिस ने भी इसका तुरंत संज्ञान ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. अब देखना यह होगा कि पुलिस इस ‘हापुड़िया जॉन अब्राहम’ की इस गजब की फिटनेस की तारीफ करती है, या फिर बीच बाजार में किए गए इस खतरनाक स्टंट के लिए कोई तगड़ा चालान काटती है ।



