
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड (यूपी )- हापुड जनपद में दो दिन से हो रही बारिश ने जनपदवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी है । कई स्थानों पर बने रेलवे अंडरपास में कई फुट पानी भर गया है । इससे रेलवे अंडरपास तालाब बने नज़र आ रहे हैं । जान जोखिम में डालकर ग्रामीण रेलवे अंडरपास को पार करने पर मज़बूर हो रहे हैं । अंडरपास में पानी भरने से दर्जनों गांवों की शहर से कनेक्टिविटी कट गई है । खेत और शहर जाने का ग्रामीणों के सामने संकट छाया हुआ है । जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर क्षेत्र में नवादा रेल अंडरपास की वीडियो सामने है।
मानसून की पहली बारिश से लोगों को जहां गर्मी से राहत मिली है, वहीं, शहर में जगह-जगह हुए जलभराव ने लोगों की मुसीबत भी बढ़ा दी है । हापुड़ के बुलंदशहर रोड स्थित हाफिजपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव में ऐसा नजारा देखने को मिला, जहां रेलवे का अंडरपास तालाब बना नज़र आ रहा है और ग्रामीणों को एक गांव से दूसरे गांव में जाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर रेलवे अंडरपास के नीचे भरे पानी से गुजरना पड़ रहा है । रेलवे अंडरपास ओवरफ्लो होने के कारण न सिर्फ पैदल जाने वाले ग्रामीण बल्कि वाहनों से गुजरने वाले ग्रामीण भी अपनी बाइकों और कार को पानी से निकालते हुए देखे जा रहे हैं ।
ग्रामीण संजीव ने बताया कि रेलवे विभाग की लापरवाही की वजह से अंडरपास ओवरफ्लो हुए हैं, जिसकी वजह से वह अपनी दिनचर्या पर नहीं जा पा रहे हैं । रेलवे अंडरपास ओवरफ्लो होने की वजह से कई गांवों का रास्ता भी टूट गया है. जिसकी वजह से भारी परेशानी उन्हें हो रही है.




