
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हसनपुर अमरोहा । मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को नगर स्थित एक मैरिज हॉल पर सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में हसनपुर एवं गंगेश्वरी विकास खंड के साथ नगर क्षेत्र के कुल 180 जोड़ों का विवाह धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच संपन्न कराया गया। प्रारंभिक सूची में 208 जोड़े शामिल थे, लेकिन बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 180 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी और ब्लॉक प्रमुख ममता गुर्जर ने नवविवाहित दंपतियों को शुभाशीष प्रदान किया। वहीं जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़, मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्रा तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभिनव कौशिक ने भी समारोह में शामिल होकर नवदंपतियों के सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की।
विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने प्रतिकूल मौसम की संभावना के बावजूद समारोह में की गई बेहतर व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन की सराहना की।
जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक और आर्थिक संबल प्रदान करना है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आगरह किया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी पंखुरी जैन ने बताया कि सभी नवदंपतियों को शासन की ओर से निर्धारित सहायता राशि एवं गृहस्थी का आवश्यक सामान उपलब्ध कराया गया।
इस मौके पर देवेंद्र खड़गवंशी, यशपाल सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में परिजन उपस्थित रहे।




