
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में शनिवार को आईएमए हॉल में शिक्षक सम्मेलन आयोजित हुआ। जिले भर से बड़ी संख्या में शिक्षक जुटे। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने शिक्षकों से ढिल्लों के समर्थन में मतदान की अपील की। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर चंदा चोरी के कथित मामले को लेकर सपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस मामले की जानकारी सबसे पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को कैसे मिली, यह बड़ा सवाल है। अखिलेश का बयान कई संदेह पैदा करता है। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मंत्री ने कहा कि जांच एजेंसियां प्रकरण की जांच कर रही हैं, सच्चाई जल्द सामने आएगी। सम्मेलन में महापौर डॉ. उमेश गौतम, विधायक एमपी आर्य, राघवेंद्र शर्मा, डीसी वर्मा, मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, एमएलसी महाराज सिंह, पूर्व सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल सहित भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने ढिल्लों को विजयी बनाने का संकल्प लिया।



