गोड्डा

ऊर्जानगर बी-टाइप पार्क में मॉकड्रिल, प्रशासन ने परखी तैयारियां

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
महागामा। महागामा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महागामा अनुमंडल प्रशासन ने ऊर्जानगर बी-टाइप पार्क में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस दौरान विभिन्न विभागों ने संयुक्त रूप से आपदा प्रबंधन की तैयारियों का प्रदर्शन किया और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता का आकलन किया।महागामा के अनुमंडल पदाधिकारी आलोक वरण केशरी ने बताया कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, आपदा के समय त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को वास्तविक परिस्थितियों के लिए प्रशिक्षित करना है। मॉकड्रिल में बिजली विभाग, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महागामा, प्रखंड प्रशासन, अंचल प्रशासन तथा ईसीएल की टीमों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनाराम हांसदा, अंचल अधिकारी खगेन महतो, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी, बिजली विभाग के पदाधिकारी, ईसीएल के अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अभ्यास के दौरान संभावित दुर्घटना की काल्पनिक स्थिति बनाकर राहत एवं बचाव कार्य, घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने, एंबुलेंस सेवा, बिजली आपूर्ति से जुड़ी आपात व्यवस्था तथा विभागीय समन्वय का लाइव प्रदर्शन किया गया। पदाधिकारियों ने मौके पर पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। एसडीओ आलोक वरण केशरी ने कहा कि आपदा आने से पहले तैयारी ही सबसे बड़ा बचाव है। ऐसे मॉकड्रिल से विभिन्न विभागों की कार्यशैली में तालमेल बढ़ता है और किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई संभव हो पाती है। उन्होंने सभी विभागों को नियमित रूप से इस तरह के अभ्यास जारी रखने का निर्देश दिया। स्थानीय लोगों ने भी इस मॉकड्रिल को देखा और प्रशासन की तैयारियों की सराहना की। प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के अभ्यास से न केवल सरकारी तंत्र की क्षमता मजबूत होती है, बल्कि आम नागरिकों में भी आपदा के समय सतर्कता और जागरूकता बढ़ती है। महागामा अनुमंडल प्रशासन की यह पहल आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button