जालौन
जल्द खुल सकता वाहनों के आवागमन के लिए कालपी का यमुना पुल
पुराने पुल की मरम्मत का कार्य अंतिम दौर में पहुंचा

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। लगभग डेढ़ माह से जारी कालपी के पुराने यमुना पुल का मरम्मतीकरण अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। कार्यदायी संस्था ने 20 जुलाई से पहले सभी तकनीकी कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यदि मौसम ने साथ दिया तो जल्द ही पुल को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे कानपुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोजाना लगने वाले जाम से वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी।
पुराने पुल पर 26 मई से बेयरिंग बदलने का कार्य शुरू किया गया था। मरम्मत के चलते पुल पर यातायात पूरी तरह बंद है और दोनों दिशाओं के वाहनों को नए यमुना पुल से निकाला जा रहा है। एक ही पुल पर दोनों ओर का ट्रैफिक संचालित होने से सुबह-शाम कई किलोमीटर लंबा जाम लग रहा है, जिससे यात्रियों और मालवाहक वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कार्यदायी संस्था के प्रभारी उत्तम सिंह ने बताया कि पुल के कानपुर छोर पर शेष बेयरिंग बदलने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। पुल में कुल 32 बेयरिंग बदले जाने हैं, जिनमें अधिकांश स्थापित किए जा चुके हैं और अब केवल कुछ बेयरिंग लगना शेष हैं। इसके साथ ही पुल के डेक पर आधुनिक तकनीक से बिटुमिनस (तारकोल) की नई परत बिछाई जा रही है, जिससे पुल की सतह पहले से अधिक मजबूत और सुरक्षित हो जाएगी। उन्होंने बताया कि मौसम अनुकूल रहने पर अगले सप्ताह तक समस्त निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद अंतिम तकनीकी निरीक्षण और गुणवत्ता परीक्षण के उपरांत पुल को यातायात के लिए खोलने की प्रक्रिया शुरू होगी।जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर मरम्मत कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारी समय-समय पर मौके का निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दे रहे हैं। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित जालौन दौरे को देखते हुए भी कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य की रफ्तार तेज कर दी है। प्रयास है कि मुख्यमंत्री के संभावित आगमन से पहले पुल पूरी तरह तैयार होकर यातायात के लिए खोल दिया जाए, जिससे हाईवे पर आवागमन सुचारु हो सके।



