मध्य प्रदेशराष्ट्रीय

बाबा बागेश्वर के भाई शालिग्राम ने पेट पर पिस्टल सटाकर मारी गोली

चार पर हत्या के प्रयास का केस

छतरपुर । छतरपुर के कोंड़ा गांव फायरिंग मामले में घायल किसान मोतीलाल की शिकायत पर शालिग्राम गर्ग समेत चार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर में मारपीट के बाद पिस्टल से गोली मारने का आरोप लगाया गया है।
बागेश्वर धाम के पास ग्राम कोंड़ा में जमीन विवाद के दौरान हुई फायरिंग के मामले में दर्ज एफआईआर में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। राजनगर थाना पुलिस द्वारा दर्ज देहाती नालसी के अनुसार घायल किसान मोतीलाल उर्फ मोती कुशवाहा ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग समेत चार लोगों पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस ने शालिग्राम गर्ग, अंकित मिश्रा, सतीष घोषी और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के मुताबिक, 14 जुलाई को दोपहर करीब एक बजे अंकित मिश्रा, सतीष घोषी और एक अन्य व्यक्ति मोतीलाल के घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि “छोटे सरकार” उर्फ शालिग्राम महाराज प्राथमिक स्कूल के पास बुला रहे हैं। इसके बाद मोतीलाल अपने छोटे भाई अमन और मां शांति कुशवाहा के साथ मौके पर पहुंचे। शिकायत के अनुसार, वहां पहुंचते ही शालिग्राम गर्ग ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी और साथियों से डंडे निकालकर हमला करने को कहा। आरोप है कि इसके बाद तीनों ने मोतीलाल के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की।
एफआईआर में मोतीलाल ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान शालिग्राम गर्ग ने कमर से पिस्टल निकालकर उनके पेट पर सटा दी और गोली चला दी। गोली उनके दाहिने सीने के नीचे लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी चार पहिया वाहन मौके पर छोड़कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल मोतीलाल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा में मंगलवार को फायरिंग का मामला सामने आया। पीड़ित किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग ने उन्हें गोली मारी। घायल किसान का दावा है कि क्षेत्र के किसानों पर जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका आरोप है कि जो किसान जमीन बेचने से इनकार करते हैं, उन्हें धमकाया और मारपीट की जाती है। मोतीलाल कुशवाहा के अनुसार, इसी विवाद के दौरान उन पर गोली चलाई गई, जिससे वे घायल हो गए।
क्या कहा बाबा बागेश्वर ने?
पूरे मामले को लेकर बाबा बागेश्वर ने कहा कि शालिग्राम से उनका कोई लेना-देना नहीं है और यह बात वे तीन साल पहले भी स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने अपील की कि हर घटना में उनका नाम नहीं जोड़ा जाए। बाबा बागेश्वर ने कहा कि उनका परिवार केवल जैविक परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरा समाज और पूरा विश्व ही उनका परिवार है। वे समाज, राष्ट्र और सनातन धर्म के लिए कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि छतरपुर जिला और उनका परिवार बहुत बड़ा है, इसलिए कहीं न कहीं घटनाएं होती रहती हैं। ऐसे मामलों को व्यक्तिगत रूप से उनसे जोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस किसी ने भी अपराध किया है, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। “जो दोषी है, उसे कानून कठोर से कठोर दंड दे और भगवान भी उसे दंड दें। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरे मामले की विस्तृत जानकारी नहीं है, इसलिए वे तथ्यों पर टिप्पणी नहीं करेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button