गोड्डा
जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए 17 जुलाई को एम्स देवघर में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) एवं अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि के संयुक्त तत्वावधान में जन्मजात हृदय रोग (Congenital Heart Disease-CHD) से पीड़ित बच्चों के लिए 17 जुलाई 2026 को एम्स देवघर के आयुष भवन में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में 18 वर्ष तक के जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क जांच की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर उनके हार्ट ऑपरेशन की व्यवस्था भी पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ एससी मिश्रा द्वारा जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशानुसार संबंधित बच्चों की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के माध्यम से शिविर में भेजना सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि जिले का कोई भी पात्र बच्चा इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा से वंचित न रहे। सिविल सर्जन डॉ0 एससी शर्मा द्वारा बताया गया कि उक्त शिविर में बाल हृदय रोग विशेषज्ञों द्वारा बच्चों की विस्तृत जांच की जाएगी। जिन बच्चों में ऑपरेशन या उच्च स्तरीय उपचार की आवश्यकता होगी, उनके लिए भी पूरी प्रक्रिया निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही मरीजों एवं उनके अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आरबीएसके के माध्यम से आवागमन के लिए वाहन की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई 2026 की सुबह 7:30 बजे गोड्डा जिले से चयनित बच्चों एवं उनके अभिभावकों को लेकर सिविल सर्जन कार्यालय, गोड्डा परिसर से निःशुल्क वाहन एम्स देवघर के लिए रवाना होगा। स्वास्थ्य विभाग ने जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के अभिभावकों से अपील की है कि वे इस विशेष स्वास्थ्य शिविर का अधिकतम लाभ उठाएं तथा निर्धारित समय पर सिविल सर्जन कार्यालय, गोड्डा पहुंचकर बच्चों को जांच हेतु भेजना सुनिश्चित करें। यह पहल गंभीर हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को समय पर बेहतर एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



