धनबाद
कतरास के मालकेरा देवग्राम में धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा ।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
धनबाद। कतरास स्थित मालकेरा देवग्राम में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
रथ यात्रा का शुभारंभ बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने भगवान की आरती उतारकर तथा नारियल फोड़कर किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के विशाल रथ को रस्सियों के सहारे करीब सात किलोमीटर तक खींचा।
भव्य रथ यात्रा मालकेरा देवग्राम से प्रारंभ होकर मालकेरा, पंचगढ़ी बाजार होते हुए सूर्य मंदिर तक पहुंची। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। सैकड़ों श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ रथ खींचने में शामिल हुए।
रथ यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ के भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे और भक्ति नृत्य प्रस्तुत किया। “जय जगन्नाथ” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय समिति एवं ग्रामीणों की सराहनीय भूमिका रही। कतरास सूर्य मंदिर पहुंचे सभी श्रद्धालुओं को सूर्य मंदिर कमेटी द्वारा सर्वत पिलाया गया ।



