बागपत

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से दिल्ली में शिष्टाचार भेंट

बागपत के विकास और युवाओं के हितों पर हुई सकारात्मक चर्चा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत : केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से उनके नई दिल्ली स्थित मंत्रालय में बागपत के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट कर जनपद के विकास एवं युवाओं के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि वे शीघ्र ही बागपत का दौरा करें तथा अपने मंत्रालय की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जनपद में प्रभावी ढंग से लागू कराने की दिशा में विशेष पहल करें, जिससे बागपत के युवाओं, किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिल सके।
इस अवसर पर चिराग पासवान ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह निकट भविष्य में बागपत का दौरा करेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ जनपद तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे तथा बागपत के विकास से जुड़े विषयों पर गंभीरता से कार्य होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के कौशल विकास, रोजगार सृजन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।
प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री को बागपत की विकास संबंधी आवश्यकताओं से भी अवगत कराया और जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए उनका सहयोग एवं मार्गदर्शन मांगा।
इस दौरान पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह के निवर्तमान प्रतिनिधि तथा भाजपा शिक्षक एमएलसी चुनाव बागपत के जिला संयोजक प्रमेन्द्र तोमर भी उपस्थित रहे। उनके साथ डॉ. अजय तोमर, अश्विनी तोमर (गुड्डू), कृष्णवीर प्रधान तथा नितिन प्रधान भी मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री का आत्मीय स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके प्रस्तावित बागपत दौरे से जनपद के विकास को नई गति मिलेगी तथा केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button