गोड्डा
मुख्य सड़क और अंबेडकर मूर्ति स्थल पर आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण का ग्रामीणों ने किया विरोध

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। अमलो पंचायत के माली पालगंजिया गांव में आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण को लेकर ग्रामीणों में भारी असंतोष और आक्रोश व्याप्त है। अंचलाधिकारी द्वारा जिस जमीन पर आंगनबाड़ी केंद्र बनाने का प्रस्ताव दिया गया है, ग्रामीण उसका पुरजोर विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह फैसला न सिर्फ बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है, बल्कि उनके सामाजिक और सांस्कृतिक आस्था पर भी चोट है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित जमीन मुख्य व्यस्त सड़क के बिल्कुल किनारे स्थित है। भविष्य में पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क के चौड़ीकरण होने से यह केंद्र सीधे सड़क की जद में आ जाएगा। ऐसे में छोटे बच्चों के आने-जाने के दौरान हर वक्त भीषण दुर्घटना का साया मंडराता रहेगा। बताया कि यह जमीन वर्तमान सेविका के घर के ठीक पास है, जिससे केंद्र के चयन में पक्षपात की शिकायत है। उक्त जमीन पर पहले से ही भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापित है, जहां ग्रामीण नियमित रूप से पूजा-अर्चना करते हैं। इसके अलावा, यह स्थान पूरे गांव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों, शादी-विवाह और सार्वजनिक समारोहों का इकलौता केंद्र है।अंचलाधिकारी ने बिना ग्राम सभा की उचित सहमति के ही इस विवादित जमीन का चयन कर लिया है, जिससे जनता में प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष है। ग्रामीणों ने पोषक क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाने की मांग की है। इस संबंध में ग्रामीणों ने उपायुक्त को ज्ञापन देने की बात कही है।



