शामली
चौसाना में युवक ने जहरीला पदार्थ खाया
एम्बुलेंस डेढ़ घंटे देरी से पहुंची, ग्रामीणों ने जताया रोष

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना में जवाला नाथ फिलिंग स्टेशन के पास एक युवक जहरीला पदार्थ खाने के बाद सड़क किनारे बेसुध मिला। स्थानीय लोगों और डायल 112 पुलिस की सूचना पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया। एम्बुलेंस के डेढ़ घंटे देरी से पहुंचने पर ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के प्रति नाराजगी व्यक्त की है।
घटना मंगलवार को चौसाना स्थित जवाला नाथफिलिंग स्टेशन के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, युवक जहरीला पदार्थ खाने के बाद वहां पहुंचा और सड़क किनारे गिर गया। पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने उसे बेसुध पड़ा देखा और तुरंत डायल 112 को सूचना दी।सूचना मिलते ही डायल 112 की पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने युवक को संभालने का प्रयास किया और उससे पूछताछ की। युवक ने अपनी पहचान अक्षय पिता चन्दकीराम, निवासी गांव खड़लाना, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर के रूप में बताई। पुलिस ने तुरंतउसके परिजनों को सूचित किया, जो मौके पर पहुंच गए।ग्रामीणों ने युवक को अस्पताल पहुंचाने के लिए सरकारी एम्बुलेंस बुलाई। आरोप है कि एम्बुलेंस करीब डेढ़ घंटे देरी से मौके पर पहुंची, जिससे युवक की हालत बिगड़ती रही। इस देरी पर स्थानीय लोगों और परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की।
गंभीर हालत में युवक को पहले CHC उन में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
उन चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर तरुण कुमार ने एम्बुलेंस में देरी का कारण बताया। उन्होंने कहा कि 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाएँ लखनऊ से संचालित होती हैं। ब्लॉक स्तर पर केवल 6 एम्बुलेंस उपलब्ध हैं। यदि उन ब्लॉक की एम्बुलेंस व्यस्त होती हैं, तो दूसरे क्षेत्र से एम्बुलेंस भेजी जाती है, जिसके कारण देरी हो जाती है।
