कैराना
दुकान में सेंध लगाकर मोबाइल उड़ाने वाला चोर दबोचा
वारदात के 24 घंटे के भीतर कैराना पुलिस ने किया खुलासा, चोरी के दो मोबाइल बरामद
संदिग्ध व्यक्ति चेकिंग के दौरान गिरफ्तार, आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कस्बे में दुकान से मोबाइल चोरी की घटना का कैराना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 20/21 जुलाई की रात कस्बा कैराना स्थित एक दुकान से अज्ञात चोर दो मोबाइल फोन चोरी कर ले गया था। मामले में दुकान स्वामी मोहम्मद असद पुत्र सिकंदर निवासी ग्राम डोकपुरी टांडा, जनपद रामपुर की तहरीर पर कैराना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए थे। बुधवार को संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में कैराना पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किए गए एक वीवो और एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि पुत्र अनंगपाल निवासी ग्राम मालैंडी, थाना गढ़ीपुख्ता, जनपद शामली बताया। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजकुमार, कांस्टेबल सोनू भाटी और कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।

