जालौन
सात दिन बाद भी खुलेआम घूम रहे आरोपी
कुल्हाड़ी के वार से घायल पीड़ित न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर

सिर पर गंभीर घाव के बावजूद कार्रवाई न होने का आरोप
चौकी पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन। नगर के रावतान मोहल्ला निवासी सत्यप्रकाश दुबेहिया ने आरोप लगाया है कि 15 जुलाई को कुछ लोगों ने घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की और कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उनका कहना है कि घटना के सात दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें अब तक न्याय नहीं मिल सका है। पीड़ित के अनुसार वह लगातार पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उनके परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
सत्यप्रकाश दुबेहिया का आरोप है कि चौकी प्रभारी मनीष तिवारी के कार्यकाल में कई मामलों में केवल एनसीआर दर्ज कर औपचारिकता पूरी कर दी जाती है, जबकि गंभीर घटनाओं में भी आरोपियों के विरुद्ध समय रहते सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती। उनका कहना है कि यदि पुलिस शुरुआत में ही कठोर कदम उठाती, तो अपराधियों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते।
पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, वह अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
वहीं, इस संबंध में चौकी प्रभारी मनीष तिवारी का पक्ष जानने के लिए हमारे संवाददाता ने दूरभाष के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं किया गया। पुलिस का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
