
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा जिला इकाई की ओर से कांग्रेस पार्टी के खिलाफ कारगिल चौक पर पुतला दहन किया गया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुरारी चौबे के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पर देश विरोधी तत्वों के साथ मिलकर छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति करने का आरोप लगाया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि संसद का मानसून सत्र चल रहा है, लेकिन कांग्रेस महत्वपूर्ण मुद्दों को नजरअंदाज कर रही है। नेताओं ने नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गई और दोबारा परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से कराई गई। वहीं, भाजपा नेताओं ने झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल और उत्पाद सिपाही समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड के छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस चुप्पी साधे हुए है। कार्यक्रम में भाजपा महामंत्री संजीव टेकरीवाल, मंत्री पप्पू ठाकुर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सौरभ सुमन, पूर्व कोषाध्यक्ष अनिल साह, पूर्व महामंत्री कृष्ण कन्हैया, नगर अध्यक्ष राजेश भगत, नगर महामंत्री कुणाल कश्यप समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।



