बरेली
दस वर्ष से अधिक समय से एक ही तहसील में कार्यरत संग्रह अमीनों का स्थानांतरण
जिले में कुल 32 संग्रह अमीनों का किया अंतर तहसील स्थानांतरण

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली । अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में राजस्व प्रशासन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से दस वर्ष से अधिक समय से एक ही तहसील में कार्यरत संग्रह अमीनों का स्थानांतरण किया गया है।
उन्होंने बताया कि लंबे समय तक एक ही स्थान पर कार्यरत रहने से प्रशासनिक कार्यों में निष्पक्षता एवं कार्यकुशलता प्रभावित होने की संभावना रहती है। शासन की मंशा एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए यह स्थानांतरण प्रक्रिया संपन्न की गई है, जिससे राजस्व वसूली व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाया जा सके।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि सभी स्थानांतरित संग्रह अमीनों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समयावधि में अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को भी निर्देश दिए गए हैं कि कार्यभार हस्तांतरण एवं ग्रहण की प्रक्रिया को समयबद्ध एवं सुचारु रूप से संपन्न कराते हुए इसकी सूचना जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि जनहित एवं प्रशासनिक दक्षता सर्वोपरि है तथा भविष्य में भी आवश्यकता के अनुसार इसी प्रकार प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक निर्णय लिए जाते रहेंगे।



