विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में तेजी लाने पर जोर, उपायुक्त ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
Emphasis on accelerating the special intensive revision drive; Deputy Commissioner inspects polling stations.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शनिवार को लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित प्लस-2 उच्च विद्यालय, मोहनपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या-148 एवं 149 तथा अमड़ापाड़ा प्रखंड के मध्य विद्यालय, फतेहपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या-201 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभियान के तहत चल रहे कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाने के लिए गंभीरता और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने एएसडीडी (ASSD) सूची, लंबित गणना प्रपत्रों, घर-घर सत्यापन कार्य, बूथवार डिजिटाइजेशन की प्रगति, एएसडीडीएफ (AsddF) सूची तथा बीएलए-2 के बैठक रजिस्टर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अभिलेख अद्यतन रखे जाएं तथा गणना प्रपत्रों का सुरक्षित संधारण सुनिश्चित किया जाए। मोहनपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या-148 एवं 149 के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलए-2 के बैठक रजिस्टर एवं एएसडीडीएफ सूची की समीक्षा करते हुए अगले दो दिनों के भीतर लंबित डिजिटाइजेशन कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एएसडीटी श्रेणी को छोड़कर सभी पात्र मतदाताओं के प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। इस दौरान बीएलओ सुपरवाइजर फखरे आजम ने जानकारी दी कि उनके जिम्मे मतदान केंद्र संख्या-144 एवं 150 का डिजिटाइजेशन कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। इस पर उपायुक्त ने संतोष व्यक्त करते हुए अन्य बीएलओ को भी निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उनका प्रपत्र तत्काल भरवाकर जमा कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता, निष्पक्षता और गुणवत्ता के साथ पुनरीक्षण कार्य संपादित करना सभी संबंधित पदाधिकारियों, बीएलओ एवं बीएलए-2 की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, बीएलए-2 तथा स्थानीय नागरिकों से भी अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मी निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें, ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित, अद्यतन, समावेशी एवं विश्वसनीय बनाई जा सके। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, अमड़ापाड़ा, अंचलाधिकारी, बीएलओ पर्यवेक्षक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



