
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर। भुसावर थाना पुलिस ने गांव तरगवां में एक वृद्ध व्यक्ति से रात हुई करीब ढाई लाख रुपये की लूट का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। आरोपियों से लूटी गई राशि, अन्य साथियों की संलिप्तता तथा क्षेत्र में हुई अन्य चोरी-लूट की वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
भरतपुर रेंज आईजी प्रीति चंद्रा (आईपीएस) एवं पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा (आईपीएस) के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैर ओमप्रकाश मीणा (आरपीएस) तथा वृत्ताधिकारी भुसावर नीरज भारद्वाज (आरपीएस) के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेश कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार 30 जून 2026 को गांव तरगवां निवासी सुंदर पुत्र परभाती जाट के घर दो युवक छोटी सामग्री खरीदने के बहाने पहुंचे। 200 रुपए का नोट देकर खुले पैसे मांगने के दौरान जैसे ही सुंदर ने करीब 2.50 लाख रुपए से भरा बैग निकाला, आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर बैग छीन लिया और फरार हो गए। मामले में भुसावर थाने में मुकदमा संख्या 213/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर देशराज पुत्र अर्जुन सिंह (21), नवीन पुत्र नटवर सिंह (20) तथा हेमंत उर्फ भोलू पुत्र सुरेश चंद्र (20), निवासी तरगवां को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।थानाधिकारी राजेश कुमार मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से लूट की राशि की बरामदगी, अन्य साथियों की भूमिका तथा क्षेत्र में हुई अन्य चोरी और लूट की वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है। पुलिस को पूछताछ में कई अन्य मामलों के खुलासे की भी उम्मीद है।
कार्रवाई में राजेश कुमार मीणा पुलिस निरीक्षक, नेत्रपाल उपनिरीक्षक, हजारी कांस्टेबल, जितेंद्रसिंह कांस्टेबल एवं धर्मवीर सिंह कांस्टेबल की विशेष भूमिका रही।



