बोकारो

असाढ़ पूर्णिमा सह नगर महोत्सव का शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। रविवार को कुशवाहा नगर विकास समिति द्वारा आयोजित असाढ़ पूर्णिमा सह नगर महोत्सव का शुभारंभ रविवार को कुशवाहा भवन, चास में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन कुशवाहा नगर के संस्थापक एवं कुशवाहा समाज के पूर्व महामंत्री राम कुमार सिंह, राम विलास प्रसाद, महिला संयोजक आशा सिन्हा, राम गहन सिंह, कामेश्वर प्र. सिंह, रामाश्रय प्रसाद, नरेश सिंह, श्रीचंद प्रसाद सहित अन्य अतिथियों ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष पंचशील दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। उदधाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि माननीय राम कुमार सिंह ने कहा कि इस नगर का निर्माण सेवानिवृत लोगों को स्वास्थ्य सेवा, बच्चों की शिक्षा, यातायात, अपनापन आदि के बेहतर विकल्प देने के लिए किया गया था।
कार्यक्रम के संयोजक संजय शान ने महोत्सव के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आयोजन शिक्षित, संगठित, संस्कारित एवं समृद्ध समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि असाढ़ पूर्णिमा के अवसर पर तथागत बुद्ध का संदेश “अप्प दीपो भव” (स्वयं अपना दीपक बनो) आज भी समाज को आत्मनिर्भरता, ज्ञान और सदाचार की प्रेरणा देता है।
समिति के अध्यक्ष सुनील गांधी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह महोत्सव सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम-भाईचारे तथा नगर के सर्वांगीण विकास के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
महोत्सव के प्रथम दिन आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को “मेरी मां”, “अगर मैं पक्षी होता”, “बुद्ध की जीवन यात्रा” एवं “मेरा विकसित भारत” विषयों में से किसी एक पर कलाकृति बनाने का अवसर दिया गया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रसिद्ध मूर्तिकार संजय शान, चित्रकार रंजीत कुमार एवं कला शिक्षक उमा कुमारी ने निर्णायक के रूप में किया।
इस अवसर पर डा विद्या प्रकाश, अखिलेश कुमार सिंह, उपेन्द्र नाथ वर्मा, विजेता गुप्ता, निखिल कुशवाहा, अनिल कुमार सहित अनेक गणमान्य लोगों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। जूनियर एवं सीनियर वर्ग की इस प्रतियोगिता में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में व्यवस्थापक सुनील प्रसाद, अर्चना शान, गायत्री देवी, उपेन्द्र नाथ वर्मा, यशवंत सिंह, राज कुमार सिन्हा, सुलाबी देवी, यमनी देवी, सिद्धार्थ, सरिता प्रसाद, बिनु सिंह सहित समिति के अनेक सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। मंच संचालन अनिल कुमार सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन अर्चना शान ने प्रस्तुत किया।
चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को 29 जुलाई 2026 को आयोजित मुख्य समारोह में पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। महोत्सव के आगामी सत्र में संगीत, नृत्य, मेहंदी, व्यक्तित्व, स्टील व वीडियो फोटोग्राफी की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button