दिल्लीराष्ट्रीय

कारगिल विजय दिवस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की पाकिस्तान को चेतावनी

कल्पना से परे होगा भारत का जवाब

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कारगिल विजय दिवस पर पाकिस्तान को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि भारत की जवाबी कार्रवाई दुश्मन की कल्पना से परे होगी। आॅपरेशन सिंदूर के माध्यम से आतंकवाद के विरुद्ध भारत की सख्त रणनीति का विश्लेषण करते हुए उन्होंने भविष्य में केवल पीओके पर बातचीत करने की बात दोहराई।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि आॅपरेशन सिंदूर ने दुनिया को दिखा दिया है कि आतंकवाद के रास्ते भारत को डराने की कोशिश करने वालों का क्या अंजाम होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत, पाकिस्तान की किसी भी हिमाकत का ऐसा मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है जो उसकी सोच से भी परे होगा। कारगिल युद्ध स्मारक पर कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ के मौके पर संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला और कहा कि उसने आतंकवाद को अपनी सरकारी नीति बना लिया है।
पीओके पर ही होगी अब पाकिस्तान से बात-राजनाथ सिंह ने दोटुक अंदाज में कहा कि पाकिस्तान के साथ अब सिर्फ पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को लेकर ही चर्चा होगी, क्योंकि यह भारत का अटूट हिस्सा है जिस पर पाकिस्तान ने गैर-कानूनी तरीके से कब्जा जमा रखा है। उन्होंने 1999 के कारगिल युद्ध की ऐतिहासिक जीत को भारत माता के मुकुट का हीरा बताया और कहा कि देश अपने जांबाज सैनिकों की शहादत को कभी नहीं भूलेगा।
आॅपरेशन सिंदूर से थर्राए आतंक के आका-रक्षा मंत्री ने 22 अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में मई 2025 में चलाए गए आॅपरेशन सिंदूर का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस आॅपरेशन के जरिए भारतीय सेना ने आतंकवाद के आकाओं और उनके मददगारों को धूल चटा दी थी। उन्होंने चेतावनी दी कि भारत की एकता और अखंडता पर आंख उठाने का अंजाम हर बार बेहद भयानक होगा।
हम तकनीक बना रहे हैं और…
राजनाथ सिंह ने दोनों देशों की सोच का अंतर बताते हुए कहा कि आज भारत रक्षा क्षेत्र में नई तकनीक और आधुनिक युद्धपोत बना रहा है, जबकि पाकिस्तान सिर्फ घुसपैठ और आतंकवाद के नए रास्ते तलाशने में उलझा हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत लगातार प्रगति कर रहा है और पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों में व्यस्त है।
कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के आॅपरेशन विजय की ऐतिहासिक कामयाबी की याद में हर साल मनाया जाता है। साल 1999 में पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़कर भारतीय सेना ने कारगिल की ऊंची चोटियों पर फिर से अपना तिरंगा फहराया था। 26 जुलाई 1999 को मिली इस महान जीत के सम्मान में हर साल इस दिन को पूरे देश में गर्व के साथ मनाया जाता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button