झुंझुनू
चंवरा में गुढा रोड़ स्थित खेत में मिला अधेड़ का शव गढ़ला कलां निवासी के रूप में हुई पहचान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झुंझुनूं गुढ़ागौड़जी। चंवरा गांव के गुढा रोड़ पर सरकारी स्कूल के पास स्थित खेत में एक अधेड़ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर थानाधिकारी इन्द्रप्रकाश यादव पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुढ़ागौड़जी की मोर्चरी में रखवाया। बाद में सोशल मीडिया पर शव की फोटो वायरल होने पर उसकी पहचान गढ़ला कलां निवासी शेरसिंह (56) पुत्र झुंझार सिंह के रूप में हुई। मृतक के पुत्र अमन कुमार ने पुलिस में मर्ग दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता खेती का कार्य करते थे तथा पिछले तीन-चार दिनों से घर से लापता थे। गांव में किसी व्यक्ति का शव चंवरा स्थित सरकारी स्कूल के पीछे खेजड़ी के पेड़ के नीचे पड़े होने की सूचना मिली। सोशल मीडिया पर फोटो देखने के बाद उसने चंवरा चौकी से संपर्क किया, जहां पता चला कि शव गुढ़ागौड़जी सीएचसी भेजा गया है। अस्पताल पहुंचकर उसने शव की पहचान अपने पिता के रूप में की। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि शेरसिंह शराब पीने के आदी थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मौत के कारणों का खुलासा करने के लिए आवश्यक नमूने एफएसएल जांच के लिए भेजे गए हैं।




