शामली

साइबर अपराधियों की नई चालों से रहें सावधान: शामली पुलिस ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

जय जवान जय किसान इंटर कॉलेज मुंडेट कला में आयोजित हुआ साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो |

शामली। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शामली पुलिस द्वारा लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना आदर्श मंडी पुलिस ने बुधवार को जय जवान जय किसान इंटर कॉलेज, मुंडेट कला शामली में छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे ऑनलाइन धोखाधड़ी के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने फर्जी निवेश योजनाओं, ऑनलाइन ट्रेडिंग फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, व्हाट्सएप एवं फेसबुक अकाउंट क्लोनिंग, फर्जी जॉब ऑफर, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई धोखाधड़ी, क्यूआर कोड स्कैम, फर्जी कस्टमर केयर नंबर एवं स्क्रीन शेयरिंग ऐप के माध्यम से होने वाली ठगी के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया।

पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को बताया कि किसी भी अनजान लिंक, मोबाइल एप्लीकेशन, एपीके फाइल अथवा संदिग्ध वेबसाइट पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी दर्ज न करें। साथ ही ओटीपी, यूपीआई पिन, सीवीवी नंबर, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करने की अपील की गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, मजबूत पासवर्ड रखने एवं सोशल मीडिया खातों पर टू-फैक्टर ऑथेन्टिकेशन (2FA) का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर पीड़ित व्यक्ति तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

पुलिस ने दिए साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण संदेश

  • अनजान कॉल, मैसेज एवं वीडियो कॉल पर तुरंत भरोसा न करें।
  • फर्जी निवेश और ऑनलाइन ट्रेडिंग योजनाओं से सावधान रहें।
  • ओटीपी, यूपीआई पिन एवं पासवर्ड किसी से साझा न करें।
  • किसी भी संदिग्ध लिंक या क्यूआर कोड को स्कैन करने से बचें।
  • मोबाइल एवं बैंकिंग एप्लीकेशन को समय-समय पर अपडेट करते रहें।

शामली पुलिस ने अपील करते हुए कहा कि डिजिटल युग में सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें, ताकि साइबर अपराधियों के मंसूबों को विफल किया जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button