सिंगरौली

विधायक रामनिवास शाह ने मेडिकल कॉलेज में लगाया पौधा

"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सिंगरौली में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। जिस प्रकार मां हमें जीवन देती है, उसी प्रकार पेड़-पौधे भी हमें प्राणवायु, छाया और जीवन प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधारोपण करने के साथ-साथ उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाया जा रहा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनभागीदारी का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से इस अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अमिलिया प्रोजेक्ट हेड संजीव, मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. आर.डी. दत्त, भाजपा जिला महामंत्री विक्रम सिंह चंदेल, आशा अरुण यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष संदीप चौबे, मंडल अध्यक्ष सौरभ गुप्ता, मंडल अध्यक्ष एवं पार्षद कमलेश वर्मा, मंडल महामंत्री राजेश शाह, मंडल उपाध्यक्ष संजय दुबे, भाजयुमो नेता अनिल शाह सहित मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अधिकारी, चिकित्सक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि “आज लगाया गया एक पौधा, आने वाले कल के सुरक्षित पर्यावरण की नींव है।” उन्होंने स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भारत के निर्माण में सभी से सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button