जामताड़ा
सीकरपोसनी पंचायत में विकास योजनाओं का निरीक्षण
चारदीवारी निर्माण व नए स्वास्थ्य केंद्र के लिए स्थल चयन का निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
करमाटांड़ : जामताड़ा जिले के विभिन्न प्रखंडों में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के सशक्त पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण के तहत शनिवार को करमाटांड़ प्रखंड की सीकरपोसनी पंचायत का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त अशिम किसपोट्टा, प्रशिक्षु पदाधिकारी सह परीक्ष्यमान उपसमाहर्ता स्नेहा कुमारी तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद एजाज हुसैन अंसारी ने पंचायत क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने पंचायत भवन, उत्क्रमित उच्च विद्यालय सीकरपोसनी तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान का निरीक्षण किया। विद्यालय एवं पंचायत भवन में चारदीवारी निर्माण की आवश्यकता पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
पीडीएस दुकान के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डीलर को सरकार के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी लाभुकों के बीच समय पर एवं पारदर्शिता के साथ खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पंचायत क्षेत्र में ग्रामीणों की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नए स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की सभी विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी योजनाओं की नियमित निगरानी की जा रही है तथा कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मौके पर पंचायत के मुखिया मंगल सोरेन, कनीय अभियंता निरंजन कुमार, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, पीडीएस डीलर सहित पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।



