कैराना
पीएसी कैंप परियोजना का डीजी पीएसी आलोक सिंह ने किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। उत्तर प्रदेश पुलिस के महानिदेशक पीएसी आलोक सिंह ने सोमवार को कैराना क्षेत्र के ऊंचागांव में 233.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पीएसी कैंप का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कैंप परिसर का पैदल भ्रमण कर निर्माणाधीन आवासीय एवं गैर-आवासीय भवनों सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान डीजी पीएसी ने प्रशासनिक भवन, बैरक, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवास, आंतरिक सड़कें, जलापूर्ति व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, सीवर लाइन तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित विभागों के अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति, उपलब्ध सुविधाओं तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली।डीजी पीएसी आलोक सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि परियोजना में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शामली नरेन्द्र प्रताप सिंह, सेनानायक पीएसी मेरठ आईपीएस प्रेमचंद, पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी मेरठ अनुभाग आईपीएस कल्पना सक्सेना,लोक निर्माण विभाग सहारनपुर मोहम्मद आरिफ सहित पुलिस एवं निर्माण विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने डीजी पीएसी को परियोजना की वर्तमान प्रगति और तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने की रणनीति से भी अवगत कराया।गौरतलब है कि कैराना के ऊंचागांव में 233.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पीएसी कैंप प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। कैंप के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में पीएसी की स्थायी तैनाती संभव हो सकेगी, जिससे कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी। साथ ही पुलिस बल को आधुनिक आवासीय, प्रशासनिक एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

