धनबाद
कटहल धोड़ा में पानी व बिजली की समस्या जल्द होगी दूर: गोपाल जी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
धनबाद। धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या-5 की पार्षद निरुपमा देवी ने सोमवार को चैतूडीह कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी गोपाल जी से शिष्टाचार मुलाकात कर क्षेत्र की जनसमस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने विशेष रूप से कटहल धोड़ा में पेयजल संकट और बिजली आपूर्ति की समस्या को गंभीरता से उठाया।
पार्षद ने बताया कि इन समस्याओं के कारण स्थानीय लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर परियोजना पदाधिकारी गोपाल जी ने आश्वासन दिया कि समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मुलाकात के दौरान गोपाल जी ने तत्काल माड़ा के रजनीश उपाध्याय से दूरभाष पर संपर्क कर पाइपलाइन से संबंधित जानकारी ली तथा संबंधित स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
परियोजना पदाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही पेयजल एवं बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।



