बेतुल

बैतूल पटवारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल का दूसरा दिन

सरकार ने दो मांगें स्वीकार की, राजस्व कार्य प्रभावित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
 
बैतूल। मध्य प्रदेश पटवारी संघ की प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल आज दूसरे दिन भी पूरे प्रदेश सहित जिला बैतूल में जारी रही। अपनी लंबित मांगों को लेकर पटवारी लगातार आंदोलनरत हैं। हड़ताल के दूसरे दिन पटवारी संवर्ग के लिए एक महत्वपूर्ण सकारात्मक खबर सामने आई है। सरकार द्वारा पटवारी संघ की दो मांगों को स्वीकार कर लिया गया है। पहली, पटवारी संवर्ग को जज प्रोटेक्शन एक्ट के दायरे में शामिल किए जाने की मांग स्वीकार की गई है। दूसरी, विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं अन्य कार्यों के भुगतान संबंधी मांग पर भी सहमति प्रदान की गई है। शासन द्वारा इस संबंध में लिखित आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। हालांकि, पटवारी संघ ने स्पष्ट किया है कि संवर्ग की सबसे महत्वपूर्ण मांगें, जिनमें कैडर रिव्यू एवं उच्च पदों पर समयबद्ध पदोन्नति प्रमुख हैं, अभी भी लंबित हैं। इन मांगों के निराकरण तक अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल के चलते जिला बैतूल सहित प्रदेशभर में अनेक राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, राजस्व अभिलेखों का संधारण एवं अद्यतन, किसान संबंधी विभिन्न प्रमाण-पत्रों का सत्यापन, शासकीय योजनाओं से जुड़े राजस्व कार्य तथा अन्य पटवारी स्तर के दैनिक कार्य व्यापक रूप से ठप पड़े हैं। इससे आम नागरिकों एवं किसानों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। जिला बैतूल सहित प्रदेशभर के पटवारी धरना-स्थलों पर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी एकजुटता का प्रदर्शन कर रहे हैं। संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार शेष मांगों पर भी शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर पटवारी संवर्ग को न्याय प्रदान करेगी, जिससे राजस्व व्यवस्था पुनः: सुचारू रूप से संचालित हो सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button