जालौन
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर रखें नजर, फार्मर रजिस्ट्री में न हो लापरवाही: एसडीएम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। तहसील सभागार में मंगलवार को आयोजित लेखपालों की साप्ताहिक बैठक में उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य ने राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन के निर्देश दिए। उन्होंने संभावित बाढ़ को देखते हुए नदी किनारे के क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने तथा राजस्व संबंधी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में एसडीएम ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। जिन किसानों की खतौनियों में नाम, अंश अथवा अन्य त्रुटियां हैं, उनका तत्काल संशोधन कराया जाए ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वरासत के प्रकरण किसी भी स्थिति में लंबित न रहें और उनका निर्धारित समय सीमा में निस्तारण किया जाए।उन्होंने आईजीआरएस पर प्राप्त एवं पुनर्जीवित शिकायतों के निस्तारण के संबंध में शासन की नई व्यवस्था से कर्मचारियों को अवगत कराते हुए कहा कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं तथ्यात्मक समाधान किया जाए। साथ ही बंटवारे से संबंधित पत्रावलियों की आख्या समय से न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। बैठक में तहसीलदार अभिनव कुमार तिवारी, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, प्रिंस सिंह राजपूत एवं चंद्रमोहन शुक्ला सहित राजस्व निरीक्षक, लेखपाल संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।



