गाजियाबाद
चुनाव से पहले त्यागी समाज ने भरी हुंकार
बसंत त्यागी को लोनी से भाजपा प्रत्याशी बनाने की मांग उठी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर लोनी क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में गांव हिंदू मीरपुर में कुलबीर त्यागी के आवास पर सर्व समाज के प्रमुख लोगों की एक पंचायत आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति, विकास और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मौजूद लोगों ने सर्वसम्मति से भाजपा प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी को लोनी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाने का समर्थन करते हुए उनके नाम पर अपनी सहमति जताई।
बैठक के दौरान त्यागी महासभा के अध्यक्ष धर्मेंद्र त्यागी ने बसंत त्यागी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने समर्थन दिया। इसके बाद बसंत त्यागी को पगड़ी पहनाकर, मुंह मीठा कराते हुए सम्मानित किया गया और उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव लड़ाने के लिए अपना आशीर्वाद दिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि लोनी की जनता अब बदलाव चाहती है और क्षेत्र को एक साफ-सुथरी छवि, ईमानदार एवं सक्रिय जनप्रतिनिधि की आवश्यकता है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बसंत त्यागी लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय रहकर जनता के बीच कार्य करते रहे हैं और उनकी साफ-सुथरी छवि उन्हें अन्य दावेदारों से अलग पहचान दिलाती है। लोगों का कहना था कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें उम्मीदवार बनाता है तो सर्व समाज मिलकर उन्हें भारी बहुमत से विजयी बनाने का कार्य करेगा।
इस अवसर पर राजकुमार चौहान ने कहा कि लोनी विधानसभा का देवतुल्य मतदाता परिवर्तन चाहता है। उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र की भावना का सम्मान करते हुए एक बेदाग, ईमानदार और कर्मठ कार्यकर्ता को टिकट दिया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि बसंत त्यागी को प्रत्याशी बनाया जाता है तो सर्व समाज उन्हें प्रचंड बहुमत से विजयी बनाकर विधानसभा भेजेगा।
बैठक में वैश्य समाज के लोकेश गर्ग, राजकुमार चौहान, कुलदीप चौहान, सोनू शर्मा, मुनेश त्यागी, सतीश त्यागी, मास्टर नरेंद्र त्यागी, ओमदत्त त्यागी, कुलबीर त्यागी, संजीव त्यागी, अमित त्यागी, सुनील त्यागी, राकेश त्यागी, बिन्नी त्यागी, राजीव त्यागी, महेंद्र, रामनरेश सहित बड़ी संख्या में विभिन्न समाजों के गणमान्य नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि यह केवल किसी व्यक्ति के समर्थन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोनी में विकास, पारदर्शिता और जनभागीदारी की राजनीति को आगे बढ़ाने का संकल्प है। पंचायत में आगामी चुनाव को लेकर सामाजिक एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती पर भी विशेष जोर दिया गया।

