
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : कान्हा नेशनल पार्क के बफर जोन से लगे मालखेड़ी गांव में बाघ के हमले में एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान राजकुमार परते (40 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाघ के हमले के बाद घायल राजकुमार परते ने साहस का परिचय देते हुए किसी तरह स्वयं अपने घर तक पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल बैहर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि इस घटना से पहले शुक्रवार सुबह भी बाघ ने चार लोगों पर हमला करने का प्रयास किया था, लेकिन सभी लोग समय रहते वहां से भाग निकलने में सफल रहे। पिछले एक सप्ताह के भीतर बाघ के हमले की यह तीसरी घटना होने से बफर जोन के गांवों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही परसवाड़ा विधायक मधु भगत वन विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ घटनास्थल तथा अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल जाना।
विधायक मधु भगत ने कहा कि क्षेत्र में बाघों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में खेतों और जंगल की ओर जाने को लेकर भय व्याप्त है। उन्होंने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, बाघ की सतत निगरानी करने तथा प्रभावित गांवों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।



