पाकुड़

डुरंड कप देखने रांची रवाना हुए डे बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र के 50 प्रशिक्षु

50 trainees from the Day Boarding Training Centre have left for Ranchi to watch the Durand Cup.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को बड़े खेल आयोजनों से परिचित कराने और उनमें खेल के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास व प्रेरणा बढ़ाने के उद्देश्य से पाकुड़ डे बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र के 50 प्रशिक्षुओं को डुरंड कप फुटबॉल प्रतियोगिता देखने के लिए रांची रवाना किया गया। प्रशिक्षुओं से भरी बस को उपायुक्त मेघा भारद्वाज, जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती एवं जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस एक्सपोजर विजिट के दौरान प्रशिक्षुओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल को करीब से देखने-समझने का अवसर मिलेगा। अधिकारियों के अनुसार, इस अनुभव से प्रशिक्षुओं को बड़े मंच पर खेल रहे खिलाड़ियों से प्रेरणा लेने तथा अपने खेल कौशल को निखारने में मदद मिलेगी। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बड़े खेल आयोजनों को प्रत्यक्ष रूप से देखना युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद प्रेरणादायक होता है। इससे उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित करने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होने का अवसर मिलता है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अनुशासन, मेहनत, निरंतर अभ्यास और खेल भावना के साथ प्रशिक्षण जारी रखने का आह्वान किया। जिला शिक्षा पदाधिकारी सुश्री अनीता पुरती ने कहा कि खेल के क्षेत्र में सफलता के लिए निरंतर अभ्यास के साथ बड़े खिलाड़ियों से सीखना भी जरूरी है। डुरंड कप जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिता को प्रत्यक्ष देखने से प्रशिक्षुओं को खेल की बारीकियों, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा के स्तर को समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने प्रशिक्षुओं से इस अवसर का भरपूर लाभ उठाने की अपील की। जिला क्रीड़ा पदाधिकारी श्री राहुल कुमार ने कहा कि इस तरह के एक्सपोजर विजिट से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को करीब से देखने का अवसर मिलता है। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से डुरंड कप के दौरान खिलाड़ियों के खेल कौशल, अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना को ध्यानपूर्वक देखने की अपील की। उन्होंने कहा, “आज आप जिन खिलाड़ियों को बड़े मैदान पर खेलते हुए देख रहे हैं, कल उस मैदान पर खेलने का सपना आप भी देख सकते हैं। मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। डुरंड कप के इस एक्सपोजर विजिट को लेकर प्रशिक्षुओं में खासा उत्साह देखा गया। रांची रवाना होने से पहले प्रशिक्षुओं ने इस अवसर के लिए जिला प्रशासन और खेल कार्यालय के प्रति आभार जताया। खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय की यह पहल जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को बड़े खेल आयोजनों से जोड़ने, उनका आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें भविष्य में उच्च स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button