
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा के संस्कृति विश्वविद्यालय के छात्र विपिन हत्याकांड का थाना छाता पुलिस और सर्विलांस टीम ने खुलासा कर दिया है। जांच के दौरान सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस को आरोपियों के संबंध में अहम सुराग मिले। पुलिस के मुताबिक सात अगस्त की रात करीब 11:55 बजे गोवर्धन-छाता मार्ग पर रनवारी गांव से करीब एक किलोमीटर पहले रेडीमेड चारदीवारी वाले प्लॉटों के पास पुलिस ने स्विफ्ट कार को घेर लिया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में विक्रम निवासी गोवर्धन और अमन निवासी राधाकुंड घायल हो गए। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से तेजपाल उर्फ नेहनू निवासी राधाकुंड फरार हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, पांच खोखे, हत्या में प्रयुक्त बांका और स्विफ्ट कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार, हत्या की घटना में प्रयुक्त हथियार और वाहन बरामद होने पर मुकदमे में बीएनएस की धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। मुठभेड़ के संबंध में भी आरोपियों के खिलाफ अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में वांछित महिला आरोपी को आठ अगस्त की सुबह करीब 7:20 बजे उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस उससे पूछताछ कर हत्या में उसकी भूमिका के संबंध में जानकारी जुटा रही है। फरार आरोपी तेजपाल उर्फ नेहनू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अमन के खिलाफ हत्या और मुठभेड़ के मुकदमों के अलावा छाता, गोवर्धन और गोविंदनगर थानों में मारपीट, पुलिसकर्मियों से अभद्रता, बलवा, सरकारी संपत्ति को नुकसान समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विक्रम के खिलाफ हत्या और मुठभेड़ से संबंधित मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।



