कानपुर
डॉ. रोहित कुमार सक्सेना को संगठन मंत्री एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने संगठन के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी संवाद को नई गति देने के उद्देश्य से डॉ. रोहित कुमार सक्सेना को संगठन मंत्री एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। महासभा के वरिष्ठ राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ब्रिगेडियर अनिल श्रीवास्तव VSM (Retd.) द्वारा 8 अगस्त 2026 को जारी नियुक्ति पत्र में डॉ. सक्सेना की कार्यकुशलता, अनुभव, नेतृत्व क्षमता तथा कायस्थ समाज के प्रति उनकी सक्रियता को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
डॉ. रोहित कुमार सक्सेना पिछले 22 वर्षों से अधिक समय से मीडिया एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने दैनिक जागरण, सहारा टीवी, ज़ी न्यूज़, एनडीटीवी और न्यूज़ नेशन जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में वरिष्ठ पदों पर कार्य किया है। इसके अतिरिक्त टीवी24,न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया, इंडिया वॉइस और नेशनल वॉइस जैसे मीडिया संस्थानों में सीईओ एवं ग्रुप सीईओ सहित महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। लंबे मीडिया अनुभव के चलते राष्ट्रीय मुद्दों, जनसरोकारों और सामाजिक विषयों पर उनकी विशेष समझ और पकड़ रही है। सामाजिक एवं संगठनात्मक क्षेत्र में भी डॉ. सक्सेना की सक्रिय भूमिका रही है। वे अखिल भारतीय सनातन परिषद (निरंजनी अखाड़ा) में राष्ट्रीय संगठन मंत्री एवं प्रवक्ता की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक एवं खेल संगठनों से जुड़े रहते हुए उन्होंने ताइक्वांडो, बॉक्सिंग एवं नानचाकू एसोसिएशन ऑफ इंडिया में अध्यक्ष/चेयरमैन सहित महत्वपूर्ण दायित्व निभाए हैं। वे उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा रेल मंत्रालय, भारत सरकार की ZRUCC (Zonal Railway Users Consultative Committee) के सदस्य के रूप में भी डॉ. सक्सेना सार्वजनिक एवं यात्री हितों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। महासभा की ओर से जारी नियुक्ति पत्र में विश्वास व्यक्त किया गया है कि डॉ. सक्सेना अपने मीडिया अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और व्यापक सामाजिक संपर्क का उपयोग करते हुए कायस्थ समाज को अधिक संगठित एवं मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। संगठन मंत्री के रूप में वे संगठन के विस्तार, सदस्यता एवं संपर्क अभियानों को गति देने तथा विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का कार्य करेंगे। वहीं राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में महासभा की गतिविधियों, विचारों और सामाजिक सरोकारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से रखने की जिम्मेदारी निभाएंगे। डॉ. सक्सेना की नियुक्ति को कायस्थ समाज में संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने और महासभा की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नियुक्ति के बाद समाज के विभिन्न वर्गों, शुभचिंतकों एवं समर्थकों ने उन्हें बधाई देते हुए नए दायित्व के सफल निर्वहन की शुभकामनाएं दीं। डॉ. रोहित कुमार सक्सेना ने कहा कि संगठन द्वारा उन पर जताए गए विश्वास को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाना उनका संकल्प है। वे कायस्थ समाज को संगठित,सशक्त और व्यापक रूप से जोड़ने तथा समाज के हितों को प्रभावी मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।



