कानपुर
सावन के द्वितीय सोमवार पर बाबा आनंदेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब
जूना अखाड़े ने शिव भक्तों का स्वागत किया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : कानपुर काशी श्री आनंदेश्वर महादेव मंदिर धाम में सावन माह के द्वितीय सोमवार के पावन अवसर पर रविवार रात्रि से ही शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा एवं बाबा आनंदेश्वर मंदिर की ओर से धाम में पधारे सभी शिव भक्तों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
रविवार रात्रि 12 बजे द्वितीय सोमवार के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन प्रारंभ हुए। रात्रि 1 बजे जूना अखाड़े की गुरु मूर्तियों द्वारा बाबा आनंदेश्वर महादेव का भव्य श्रृंगार एवं पूजन किया गया। रात्रि 2 बजे बाबा के पट खुलते ही मंदिर परिसर “ॐ नमः शिवाय”, “हर हर महादेव” और “जय बाबा आनंदेश्वर” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने बाबा आनंदेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा की ओर से सभी महादेव भक्तों को साधुवाद एवं मंगलमय आशीर्वाद प्रदान किया गया। सावन माह के द्वितीय सोमवार के पावन अवसर पर बाबा आनंदेश्वर महादेव से प्रार्थना की गई कि सभी भक्तों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं आरोग्य बना रहे तथा बाबा की कृपा सदैव सभी भक्तों पर बनी रहे। जूना अखाड़ा संरक्षक परम पूज्य हरि गिरि जी महाराज के आदेशानुसार मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया। स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के सहयोग से भक्तों को कतारबद्ध तरीके से बाबा आनंदेश्वर के दर्शन कराए गए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। जूना अखाड़ा मीडिया प्रभारी आशुतोष कुमार अंश ने मंदिर में अपनी सेवाएं दे रहे नगर निगम, यातायात विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वागत, अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से सावन के द्वितीय सोमवार पर श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की संख्या करीब दो लाख के आसपास रहने का अनुमान बताया गया। इस अवसर पर परम पूज्य कोठारी महंत महाकाल गिरी महाराज,परम पूज्य विवेकपुरी महाराज,अंतरराष्ट्रीय सचिव श्रीमंत मृत्युंजयपुरी महाराज, थानापति महंत अत्रिवन महाराज,परम पूज्य वशिष्ठ गिरी जी महाराज, परम पूज्य सुनील गिरी जी महाराज, परम पूज्य मथुरा गिरी जी महाराज,अजय पुजारी,संजय पुजारी,के.के. तिवारी,अनूप मिश्रा सहित जूना अखाड़ा के संत-महंत एवं सेवक उपस्थित रहे।



