
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। गोड्डा नगर परिषद में मूलभूत सुविधाओं की कमी और विकास कार्यों में कथित अनियमितता को लेकर स्थानीय नागरिकों और वार्ड प्रतिनिधियों ने अशोक स्तंभ परिसर में चार दिवसीय धरना-प्रदर्शन शुरू किया।प्रदर्शनकारियों ने “पहले मूलभूत सुविधा, फिर नई योजना” का नारा देते हुए नगर परिषद के सामने कई मांगें रखीं। इनमें सभी 21 वार्डों में अधूरे विकास कार्यों को जल्द पूरा कराने, सड़क और नाला निर्माण के साथ जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग प्रमुख है। वहीं, 445 एलईडी स्ट्रीट लाइट की खरीद, निविदा प्रक्रिया और दरों की जांच कराने के साथ पूर्व में स्वीकृत विकास योजनाओं की तकनीकी जांच की भी मांग की गई है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जनता के पैसे का सही इस्तेमाल और विकास कार्यों में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने सभी योजनाओं और निविदाओं की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा मांगों पर समयबद्ध लिखित कार्रवाई रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और भूख हड़ताल का रास्ता अपनाया जा सकता है। धरना में नगर उपाध्यक्ष पूजा तिवारी, मुन्ना तिवारी, बच्चू झा, ध्यान झा, पिंकी देवी, गुणानंद झा, आशुतोष झा, सादिक हुसैन, धर्मेंद्र हाजरा, वेद प्रताप ठाकुर, शहादत अंसारी, ऋषभ जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद थे।



