गाजियाबाद
गाजियाबाद बार एसोसिएशन के बार रूम में धूमधाम से मनाया गया तीज का पर्व
महिला अधिवक्ताओं ने नृत्य, गीत और मेहंदी प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, सैकड़ों अधिवक्ताओं ने की सहभागिता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद बार एसोसिएशन के बार रूम में महिला अधिवक्ताओं द्वारा तीज पर्व का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला अधिवक्ताओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तीज का त्योहार हर्षोल्लास और उत्साहपूर्वक मनाया। इस दौरान पूरा परिसर तीज के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान महिला अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं तथा पारंपरिक गीतों और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां पेश की। आयोजन में मेहंदी प्रतियोगिता का भी विशेष आयोजन किया गया, जिसमें अधिवक्ताओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान महिलाओं ने अपनी कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में सह सचिव प्रशासन पद की उम्मीदवार बबीता तोमर, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद की उम्मीदवार लक्ष्मी तथा कोषाध्यक्ष पद की उम्मीदवार पूनम गुप्ता की प्रमुख सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन खुशनुमा प्रवीण ने किया। उन्होंने कार्यक्रम को रोचक और मनोरंजक बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजन में उषा चौधरी, कामना सिंह, अन्नू (डीएलएसए), श्वेता सिंह, सरिता सिंह, अर्चना त्यागी, शिवानी त्यागी, प्रीति, पूनम त्यागी, अंजू तोमर, शबनम खान, सुलेखा प्रजापति, जीनत खान, ममता कमलेश, मीनू सिंह, प्रीति गौतम, रीना रानी सहित सैकड़ों की संख्या में महिला अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर महिला अधिवक्ता बबीता तोमर ने कहा कि तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और महिलाओं के आपसी स्नेह एवं सौहार्द का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से अधिवक्ताओं को अपने व्यस्त न्यायिक कार्यों के बीच एक-दूसरे के साथ उत्सव मनाने और अपनी संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक तीज पर्व की खुशियां साझा कीं। नृत्य, गीत, मेहंदी और आपसी मेल-जोल से माहौल पूरी तरह उत्सवमय बना रहा।



