बेतुल
बैतूल ओला शोरूम पर फूटा ग्राहकों का गुस्सा
वारंटी अवधि में वाहन खराब होने के बावजूद नहीं हो रहा सुधार, ग्राहकों ने गंज थाने में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। गंज थाना क्षेत्र स्थित ओला शोरूम में मरम्मत के लिए खड़ी गाड़ियों को लेकर ग्राहकों का आक्रोश सामने आया है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि शोरूम में कई गाड़ियां महीनों से मरम्मत के इंतजार में खड़ी हैं। कई ग्राहक तीन से आठ महीने से अपनी गाड़ियों के सुधार के लिए शोरूम के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
शिकायतकर्ताओं में शामिल लेखराम झरिये ने 18 अगस्त को गंज थाने में शिकायत की। उन्होंने बताया कि 24 फरवरी 2026 को अपनी पत्नी के नाम से ओला वाहन क्रमांक एमपी48 जेडडी 7261 खरीदा था। वाहन में खराबी आने के बाद उसे शोरूम में जमा कराया गया, लेकिन करीब दो महीने से वाहन वहीं खड़ा है। उनका कहना है कि वाहन वारंटी अवधि में होने के बावजूद मरम्मत नहीं की जा रही है।
लेखराम ने शोरूम कर्मचारियों पर टालमटोल करने और ग्राहकों से कथित तौर पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि समस्या पूछने पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता और जिम्मेदारी से बचने की कोशिश की जाती है।
परेशान करीब आधा दर्जन उपभोक्ताओं ने गंज थाने पहुंचकर मामले में कार्रवाई की मांग की। उन्होंने शोरूम में खड़ी सभी गाड़ियों की जल्द मरम्मत कराने और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उपभोक्ताओं ने संबंधित कंपनी के उच्चाधिकारियों से भी हस्तक्षेप करने की मांग की है।
शिकायत में उपभोक्ताओं ने कहा है कि लंबे समय से वाहन खड़े रहने के कारण उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।



