गाजियाबाद
जन शिक्षण संस्थान की दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला में 40 रिसोर्स पर्सन ने लिया प्रशिक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : जन शिक्षण संस्थान, गाजियाबाद एवं महिला आईटीआई राजनगर के संयुक्त तत्वावधान में 21-22 अगस्त को दो दिवसीय ‘स्वयं एवं टीम विकास’ कौशल संवर्धन एवं क्षमता निर्माण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मुरादनगर, रजापुर, भोजपुर और लोनी विकासखंडों से 40 रिसोर्स पर्सन ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जन शिक्षण संस्थान के निदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह ने अतिथियों का स्वागत कर किया। उन्होंने संस्थान की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जन शिक्षण संस्थान वर्ष 1994 से गाजियाबाद में विभिन्न वर्गों के लोगों को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य कर रहा है।
कार्यशाला में एनएसटीआई नोएडा के निदेशक ने व्यावसायिक एवं तकनीकी कौशल को रोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए विभिन्न प्रशिक्षणों की उपयोगिता समझाई। आईटीआई मुरादनगर के प्रधानाचार्य केडी मिश्रा ने प्रतिभागियों को निरंतर नई स्किल सीखने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
महिला आईटीआई राजनगर की विशेषज्ञ पल्लवी त्यागी ने सिलाई-कटाई, आशा कुमारी ने हाथ एवं मशीन कढ़ाई तथा नूपुर अग्निहोत्री ने कंप्यूटर प्रशिक्षण से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी। वहीं वाधवानी फाउंडेशन के पंकज बजाज ने डिजिटल कौशल, एआई, प्रभावी संवाद, वित्तीय साक्षरता, समस्या समाधान एवं डिजिटल मार्केटिंग जैसे विषयों पर जानकारी दी।
कार्यशाला में आत्म-विकास, सकारात्मक सोच, नेतृत्व, टीमवर्क, प्रभावी संवाद, व्यक्तिगत विकास एवं डिजिटल मार्केटिंग सहित विभिन्न विषयों पर इंटरैक्टिव सत्र, व्यावहारिक गतिविधियां और समूह चर्चाएं कराई गईं। समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम अधिकारी गुरुदीन के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में पंकज त्यागी, रामकुमार, रहनुमा, रामराज, राजेश कुमार सहित संस्थान के अन्य कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।


